एनआइए की टीम ने की छापेमारी, डिजिटल सामग्री को लिया कब्जे में

WhatsApp Channel Join Now
एनआइए की टीम ने की छापेमारी, डिजिटल सामग्री को लिया कब्जे में


लोहरदगा, 16 जुलाई (हि.स.)। रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच में जुटी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को तड़के लोहरदगा में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। सुबह करीब चार बजे शुरू हुई कार्रवाई कई घंटे तक चली, जिसमें एनआईए ने संदिग्धों के ठिकानों की गहन तलाशी ली।

एनआईए की टीम ने मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में बंद सैफ अंसारी और अमन अंसारी के आवास सहित कुछ अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक स्थान पर घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुलने पर एनआईए की टीम ने क्रेन की मदद से भवन के ऊपरी हिस्से तक पहुंचकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद तलाशी की पूरी प्रक्रिया पूरी की।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पूरे अभियान को गोपनीय तरीके से संचालित किया गया। सुबह-सुबह भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों और जांच अधिकारियों की मौजूदगी से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के बीच छापेमारी को लेकर दिनभर चर्चा होती रही। लोग तरह तरह की चर्चा करते रहे।

हालांकि सुरक्षा कारणों से एजेंसी ने मौके पर मीडिया से कोई जानकारी साझा नहीं की। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 19 जून को एनआईए ने इसी मामले में लोहरदगा के कुछ ठिकानों पर छापेमारी कर जांच की थी।

गुरुवार की कार्रवाई को उसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है। एनआईए की तलाशी के दौरान मिले कुछ अहम साक्ष्यों और डिजिटल सामग्री को एजेंसी ने अपने कब्जे में लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

Share this story