एनआईए और एटीएस की संयुक्त छापेमारी में दो संदिग्ध युवक हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
एनआईए और एटीएस की संयुक्त छापेमारी में दो संदिग्ध युवक हिरासत में


देवघर, 23 अप्रैल (हि.स.)। शहर में गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और झारखंड एटीएस की संयुक्त छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। केंद्रीय एजेंसियों ने शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। फिलहाल दोनों को नगर थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एजेंसियों को देवघर में अवैध हथियार तस्करी से जुड़े इनपुट मिले थे। इसी के आधार पर एनआईए और झारखंड एटीएस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया। सबसे पहले नंदन पहाड़ के समीप नंदी नगर मोहल्ले में छापेमारी की गई, जहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि वह अपने मामा के घर ठहरा हुआ था। इसके बाद टीम ने भुरभुरा मोड़ इलाके में दूसरी कार्रवाई करते हुए एक और संदिग्ध युवक को पकड़ा। दोनों युवकों को हिरासत में लेने के बाद नगर थाना लाया गया, जहां उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

जांच एजेंसियां उनके संपर्क, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, नंदी नगर से पकड़ा गया युवक बिहार के आरा जिले का निवासी है। उसके पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक हैं और परिवार कुंडा थाना क्षेत्र में रहता है। युवक पिछले कुछ दिनों से अपने ननिहाल में रह रहा था। हालांकि, अब तक की छापेमारी में किसी भी तरह का हथियार या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियों ने आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं एजेंसियां मामले की हर कड़ी को खंगालने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story