लेवी के पैसों से हथियार खरीदने की थी तैयारी, एनआईए ने छठे आरोपित को बनाया चार्जशीटेड

WhatsApp Channel Join Now
लेवी के पैसों से हथियार खरीदने की थी तैयारी, एनआईए ने छठे आरोपित को बनाया चार्जशीटेड


लेवी के पैसों से हथियार खरीदने की थी तैयारी, एनआईए ने छठे आरोपित को बनाया चार्जशीटेड


रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) ने प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के मगध जोन में संगठन को दोबारा सक्रिय करने और लेवी के जरिए आर्थिक संसाधन जुटाने के मामले में एक और बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए ने रांची स्थित विशेष एनआईए अदालत में मामले के छठे आरोपित चंदन कुमार के खिलाफ तीसरी पूरक चार्जशीट दाखिल की है।

एनआईए की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चंदन कुमार पर संगठन के लिए ठेकेदारों से लेवी वसूलने, आर्थिक संसाधन जुटाने और पुराने माओवादी कैडरों को दोबारा सक्रिय कर संगठन का नेटवर्क मजबूत करने की साजिश में शामिल रहने का आरोप है।

एनआईए की ओर से बताया कि यह मामला वर्ष 2021 में दर्ज किया गया था। जांच के दौरान ऐसे साक्ष्य मिले कि माओवादी संगठन बिहार-झारखंड के मगध क्षेत्र में अपनी कमजोर पड़ चुकी पकड़ को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। इसी आधार पर एजेंसी ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की।

एनआईए के मुताबिक, चंदन कुमार को जनवरी 2026 में मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसके संगठन के लिए फंड जुटाने और माओवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने में कथित तौर पर शामिल होने के प्रमाण मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि लेवी के जरिए जुटाई गई रकम का इस्तेमाल हथियार, गोला-बारूद और अन्य संसाधनों की खरीद के लिए किए जाने की योजना थी। एजेंसी इस पूरे वित्तीय नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एनआईए के अनुसार, इस मामले में पहले भी कई आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। ताजा पूरक चार्जशीट के साथ चंदन कुमार का नाम भी आरोपितों की सूची में शामिल कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story