अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रशासन ने 27 वाहनों से वसूला 1.73 लाख जुर्माना
पूर्वी सिंहभूम, 02 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के जरिए यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को डिमना चौक से धालभूमगढ़ स्थित गजानंद फैक्ट्री तक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 27 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनसे कुल एक लाख 73 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) महेश्वरी प्रसाद यादव और ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में वाहनों की जांच की। इस दौरान सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों और यातायात परिचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। दरअसल, एनएच-33 पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण अक्सर आवागमन प्रभावित होता है। इससे न केवल जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, बल्कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले अन्य वाहनों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा। वाहन मालिक, चालक और परिवहन संचालकों को चेतावनी दी गई है कि वे सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने से बचें और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा और निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

