सदर अस्पताल में सोमवार और शुक्रवार को मिलेगी न्यूरो सर्जरी ओपीडी की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
सदर अस्पताल में सोमवार और शुक्रवार को मिलेगी न्यूरो सर्जरी ओपीडी की सुविधा


रामगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)।

जिले के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब रामगढ़ सदर अस्पताल में प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को न्यूरो सर्जरी ओपीडी का संचालन किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ न्यूरो सर्जन मरीजों को चिकित्सीय परामर्श देंगे। ओपीडी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से न्यूरो संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह मिल सकेगी।

इस संबंध में सोमवार को सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में न्यूरो सर्जरी ओपीडी शुरू करने का निर्णय लिया गया। इस प्रस्ताव को उपायुक्त ऋतुराज की स्वीकृति भी मिल चुकी है। झारखंड सरकार के सर्वजन कल्याण के उद्देश्य और जिला प्रशासन की विशेष पहल से यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

न्यूरो सर्जरी ओपीडी के साथ जिलेवासियों के लिए एक और राहत भरी खबर है। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में जल्द ही कार्डियोलॉजी यानी हृदय रोग से संबंधित चिकित्सा सेवा भी शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए उच्च स्तर पर बातचीत और आवश्यक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इसके शुरू होने से हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को रामगढ़ में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

न्यूरो ओपीडी शुरू करने का मुख्य उद्देश्य मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना, बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान करना और आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन देना है। अस्पताल प्रबंधन ने जिले के जरूरतमंद लोगों से निर्धारित दिनों और समय पर सदर अस्पताल पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771382 Articles

Share this story