रामगढ के तीन केंद्रों पर होगी नीट की परीक्षा, डीसी ने की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ के तीन केंद्रों पर होगी नीट की परीक्षा, डीसी ने की बैठक


रामगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। शहर में आगामी 03 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर मंगलवार को डीसी ऋतुराज ने बैठक की।

बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। डीसी ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान डीसी ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा के लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना और आर्मी पब्लिक स्कूल शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 889 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, प्रकाश और अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों के सुगम और व्यवस्थित प्रवेश के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती करने को कहा गया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। जिला शिक्षा अधीक्षक को परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। वहीं, पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने और परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story