भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर जागरूकता लाने की जरूरत : प्रदीप वर्मा
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। माहेश्वरी सभा रांची के तत्वावधान में सेवा सदन पथ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर सभागार में मंगलवार को विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष मुकेश काबरा ने की। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि समाज में भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े विषयों को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत की ओर देख रहा है। भारत देश, विश्वगुरू बनने की राह पर खडा है।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया गाय के महत्व को समझती है, लेकिन भारत वह देश है जहां गाय को माता का दर्जा दिया गया है। मौके पर सभा की ओर से उन्हें गौ संरक्षण सहित अन्य मुददों को लेकर रिपोर्ट सौंपा गया।
वृंदावन से आए संत राधेवत्स ने कहा कि गाय को माता का दर्जा दिलाने के लिए 51 करोड़ हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 30 करोड़ हस्ताक्षर हो चुके हैं। उन्होंने झारखंड से भी व्यापक सहयोग की उम्मीद जताई।
इस अभियान को लेकर 17 दिसंबर 2026 को प्रभात तारा मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गई।
पुनीत पोद्दार ने रिक्त जमीन के सदुपयोग के लिए सरकार और समाज को मिलकर प्रयास करने की जरूरत बताई। कुणाल अजमानी ने सामाजिक संगठनों से भारतीय संस्कृति के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।
पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू ने कहा कि माहेश्वरी समाज की शादियों में 25 से अधिक व्यंजन नहीं रखने की परंपरा भोजन बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने शस्त्र पूजन के साथ प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री तक गौ संरक्षण और गाय को माता का दर्जा देने की मांग सामूहिक रूप से पहुंचाने की बात कही।
मौके पर बड़ी संख्या में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

