विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीसी और आईटीआई ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीसी और आईटीआई ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


रांची, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गवर्नमेंट आईटीआई (सामान्य), रांची परिसर में एनसीसी-3 झारखंड बटालियन की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस दौरान संस्थान परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित एनसीसी-3 झारखंड बटालियन के सूबेदार मेजर कृष्ण देव ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स हमेशा राष्ट्रीय सुरक्षा, राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव समाज की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है और वृक्षारोपण इस दिशा में सबसे प्रभावी प्रयासों में से एक है।

उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में ही नहीं, बल्कि स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनसीसी भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

गवर्नमेंट आईटीआई के प्राचार्य परमानंद रजक ने इस मौके पर बताया कि संस्थान परिसर को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक आईटीआई परिसर में 500 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में गवर्नमेंट आईटीआई परिसर राजधानी रांची के सबसे हरित परिसरों में शामिल होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनसीसी अधिकारी कैप्टन तपेश्वर महतो ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी उचित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से अपील की कि वे लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लें और उन्हें विकसित होकर वृक्ष बनने तक संरक्षण प्रदान करें।

कैप्टन तपेश्वर महतो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरणीय चुनौतियों से काफी हद तक मुकाबला किया जा सकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, प्रशिक्षक एवं संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण में भागीदारी निभाई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story