राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी सेमिनार में 98 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। झारखंड ताइक्वांडो संघ की ओर से ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 12 से 14 सितंबर तक साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, पटमदा, जमशेदपुर में राष्ट्रीय रेफरी सेमिनार और रिफ्रेशर कोर्स आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों के 98 ताइक्वांडो प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
रांची जिला ताइक्वांडो संघ के 22 प्रतिभागियों ने सचिव एवं झारखंड ताइक्वांडो संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मिथलेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। संघ की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि सेमिनार में प्रतिभागियों को वर्ल्ड ताइक्वांडो के नवीनतम प्रतियोगिता नियमों, रेफरिंग तकनीक, स्कोरिंग सिस्टम और प्रतियोगिताओं के संचालन की आधुनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय रेफरी क्लास-2 संतोष श्रीरंगम ने दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को ताइक्वांडो के बदलते नियमों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की रेफरिंग प्रणाली से अवगत कराया।
रिफ्रेशर कोर्स में एमडी मोदस्सर, ताराकांत पटेल, करमचंद भगत, अनंत नाग चंदन, चंदन कुमार, इम्तियाज जमाल, अंकिता कुमारी और मिलेनियम स्नेहल सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

