राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी प्रदर्शनी मैच का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी प्रदर्शनी मैच का आयोजन


देवघर, 29 अगस्त (हि.स.)।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बाबू वेदानंद सिंह अखाड़ा में हॉकी देवघर के खिलाड़ियों की ओर से 5-ए-साइड प्रदर्शनी हॉकी मैच का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना था।

प्रदर्शनी मैच का उद्घाटन मेजर ध्यानचंद को स्मरण करते हुए और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर हॉकी देवघर के उपाध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि देवघर में हॉकी सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हॉकी देवघर के सचिव प्रमोद प्रसाद यादव ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 5-ए-साइड प्रदर्शनी मैच का आयोजन खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। हॉकी देवघर प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और जिले में हॉकी को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में हॉकी देवघर के सचिव प्रमोद प्रसाद यादव, सदस्य घनश्याम राणा, बाबू वेदानंद सिंह अखाड़ा के मुख्य खेल प्रशिक्षक संजीव कुमार झा सहित हॉकी देवघर के खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद थे।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस प्रदर्शनी मैच से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story