प्राकृतिक खेती को सशक्त बनाने के लिए कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
प्राकृतिक खेती को सशक्त बनाने के लिए कार्यशाला आयोजित


देवघर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ) को सुदृढ़ बनाने और प्राकृतिक खेती को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, देवघर एवं जिला उद्यान विभाग के तकनीकी सहयोग से एक दिवसीय योजना और अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला अभिव्यक्ति फाउंडेशन की कृषि-पारिस्थितिकी पहल के तहत देवीपुर प्रखंड के मनियारपुर स्थित ग्रीन कॉलेज में हुई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अग्रिम पंक्ति में कार्यरत कर्मियों को एग्रोइकोलॉजी सहजकर्ता मॉड्यूल के संबंध में प्रशिक्षित करना और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था। इसके माध्यम से गांव स्तर पर प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस पहल को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिले में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत कार्यरत सभी सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (सीआरपी), बीआरसी उद्यमियों एवं उद्यान मित्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र के अनुभवों, चुनौतियों एवं संभावनाओं को साझा किया। साथ ही, मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने में योगदान दिया।

कार्यशाला में तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. राजन ओझा ने प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों, मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने के महत्व पर भी मार्गदर्शन किया।

आयोजकों ने कहा कि यह अभिमुखीकरण कार्यशाला राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के उद्देश्यों को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एग्रोइकोलॉजी सहजकर्ता मॉड्यूल के माध्यम से कार्यकर्ताओं की क्षमता में वृद्धि होगी और वे गांव स्तर पर किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए बेहतर तरीके से मार्गदर्शन दे सकेंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में टीम के वकील यादव, मनोज कुमार सिंह, अमित दीप मिश्रा, अभिषेक शर्मा, सुप्रिया, उदय और मनोज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यशाला का समापन प्राकृतिक खेती के विस्तार के लिए ठोस जिला स्तरीय कार्ययोजना तैयार करने तथा नियमित अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story