दुमका राष्ट्रीय लोक अदालत में 14,089 मामलों का निष्पादन, 9.55 करोड़ रुपये का समझौता

WhatsApp Channel Join Now
दुमका राष्ट्रीय लोक अदालत में 14,089 मामलों का निष्पादन, 9.55 करोड़ रुपये का समझौता


दुमका, 12 सितंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर 14,089 मामलों का निष्पादन किया गया। इन मामलों में कुल 9,55,60,340 रुपये का समझौता हुआ।

लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष सुधांशु कुमार शशि ने किया। इसके लिए जिला न्यायालय परिसर में पांच बेंच गठित की गई थीं। इनमें विभिन्न प्रकार के सिविल वाद, आपराधिक सुलहनीय मामले, चेक बाउंस, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत एवं अन्य विभागीय मामले तथा प्री-लिटिगेशन मामलों का निपटारा किया गया।

इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, बैंक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, पारा लीगल वॉलंटियर्स और पक्षकार मौजूद रहे। पक्षकारों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह विवादों के त्वरित, सरल और कम खर्चीले समाधान का प्रभावी माध्यम है। दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का निपटारा होने से समय और धन की बचत होती है तथा सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

डालसा सचिव विवेक कुमार ने लोगों से लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों के समाधान के लिए डालसा से संपर्क करने और लोक अदालत के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण निपटारा कराने की अपील की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story