अल्पसंख्यकों के पात्र मतदाताओं के नाम हो सकते हैं प्रभावित : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
अल्पसंख्यकों के पात्र मतदाताओं के नाम हो सकते हैं प्रभावित : इरफान


जामताडा, 28 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जामताड़ा में सोमवार को एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मंत्री इरफान अंसारी ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाजपा और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दस्तावेजों की जटिल प्रक्रिया के कारण पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित हो सकते हैं।

किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। इरफान ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए एसआईआर के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया और इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर जनता का विश्वास कायम रहना चाहिए। धरना के दौरान कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने, नाम हटाने से पहले उचित अवसर देने, प्रभावी शिकायत व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग की डिजिटल प्रणालियों और डेटा प्रबंधन के स्वतंत्र ऑडिट की मांग की।

वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा और कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे ने भी एसआईआर के दौरान पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रखने की मांग की।

महाधरना में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story