मूर्ति कला में नैतिक ने राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया प्रथम स्थान

WhatsApp Channel Join Now
मूर्ति कला में नैतिक ने राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया प्रथम स्थान


रामगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर रामगढ़ के नैतिक कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित अखिल भारतीय मूर्ति कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर नैतिक ने रामगढ़ जिले के साथ झारखंड का नाम रोशन किया है।

इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और परिजनों में हर्ष का माहौल है। रामगढ़ के रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के कक्षा 10वीं के छात्र नैतिक कुमार ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और निरंतर अभ्यास के दम पर यह सफलता हासिल की है। नैतिक ने विद्यालय स्तर से अपनी कला यात्रा शुरू की थी। इसके बाद संकुल, विभाग, प्रांत और क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। कुरुक्षेत्र में देशभर से पहुंचे चयनित प्रतिभागियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उसने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के कला शिक्षक विकास कुमार कुशवाहा ने कहा कि नैतिक शुरू से ही मूर्ति कला के प्रति विशेष रुचि रखता है। उसकी एकाग्रता, कल्पनाशीलता और निरंतर अभ्यास ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। वहीं, प्रधानाचार्य प्रवीण ने इस उपलब्धि को पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

नैतिक के पिता मुकेश कुमार कुशवाहा, निवासी गोडयारी बागी, ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि नैतिक को बचपन से ही चित्रकला और मूर्ति निर्माण में रुचि रही है। परिवार ने हमेशा उसकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story