नगर निगम की कार्यशैली से नाराज वार्ड पार्षदों ने दिया धरना, दी आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम की कार्यशैली से नाराज वार्ड पार्षदों ने दिया धरना, दी आंदोलन की चेतावनी


देवघर, 04 मई (हि.स.)। नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली से नाराज़ वार्ड पार्षदों ने सोमवार को निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान निगम क्षेत्र के लगभग सभी वार्डों के पार्षद मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराज़गी जताई। धरना के दौरान पूर्व वार्ड पार्षद सह वर्तमान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कन्हैया झा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्षदों की यह लड़ाई आम जनता के हक के लिए है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति बदहाल है। जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है, न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही कचरा उठाव की समुचित व्यवस्था है। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच जिम्मेदारी टालने का खेल चल रहा है, जिससे आम लोग परेशान हैं।

पार्षदों ने पेयजल संकट को भी गंभीर मुद्दा बताया। उनका कहना था कि हर साल गर्मी आते ही पानी की समस्या बढ़ जाती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद हालात में सुधार क्यों नहीं हो रहा, जबकि दूसरी ओर 10 प्रतिशत होल्डिंग टैक्स बढ़ा दिया गया है।

धरने में शामिल महिला पार्षदों ने भी अपनी नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं करा पा रही हैं, जिससे जनता में आक्रोश है। कभी सफाई कर्मियों की कमी तो कभी गाड़ियों की अनुपलब्धता का हवाला दिया जाता है। साथ ही नगर आयुक्त के समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने का भी आरोप लगाया गया। पार्षदों ने नगर प्रशासक से सभी व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story