सुर और ताल का संतुलन जीवन में दिखाता है सफलता की राह : सरयू राय

WhatsApp Channel Join Now
सुर और ताल का संतुलन जीवन में दिखाता है सफलता की राह : सरयू राय


पूर्वी सिंहभूम, 26 जुलाई (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के विधायक सरयू राय ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और आत्मिक विकास का सशक्त साधन है। जो व्यक्ति सुर और ताल के बीच समन्वय स्थापित करना सीख लेता है, वह जीवन में भी संतुलन बनाकर सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि संगीत इंसान को अनुशासन,संवेदनशीलता और एकाग्रता का पाठ पढ़ाता है।

रविवार को बारीडीह स्थित अपने कार्यालय परिसर में धुन आर्ट एंड म्यूजिक की ओर से शुरू किए गए संगीत प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन करते हुए सरयू राय ने कहा कि संगीत ईश्वर से जुड़ने का माध्यम है। भारतीय संस्कृति में संगीत की समृद्ध परंपरा रही है और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में आज भी हर परिवार में संगीत को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस केंद्र में बच्चों को गायन के साथ-साथ विभिन्न वाद्य यंत्रों का भी व्यवस्थित प्रशिक्षण मिलेगा,जिससे उनकी प्रतिभा निखरेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संगीत की शैली तेजी से बदल रही है, लेकिन मधुरता,सुर और ताल का महत्व कभी कम नहीं हो सकता। पुराने दौर के सुरीले गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। संगीत प्रकृति का ऐसा उपहार है,जिससे हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में जुड़ा रहता है।

इस अवसर पर सरयू राय ने बारीडीह क्षेत्र में नर्सरी से कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए एक गैर-व्यावसायिक विद्यालय शुरू करने की अपनी योजना भी साझा की। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा को व्यवसाय बनाना नहीं,बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना होगा। अभिभावकों से केवल सामान्य शुल्क लिया जाएगा ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने विकास विद्यालय के विकास सिंह से इस पहल में सहयोग देने और शिक्षण कार्य से जुड़ने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल, वरिष्ठ समाजसेवी शिवशंकर सिंह,संस्था के संचालक चंदन,विकास सिंह,कार्यालय प्रभारी अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित थे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story