हत्या का खुलासा, होटल मालिक सहित दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हत्या का खुलासा, होटल मालिक सहित दो गिरफ्तार


रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में कृष्णा स्वीट्स के सेल्समैन बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने होटल के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगड़ू और होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद और आर्थिक नुकसान से नाराज होटल मालिक ने सफाईकर्मी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के बदले सफाईकर्मी को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी, जिसमें सात हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।

रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने रविवार को बताया कि 30 अक्टूबर की रात पिठोरिया थाना क्षेत्र के करकट्टा मोड़ के पास बानेश्वर गोराई की हत्या कर दी गई थी। वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के मानबाजार थाना क्षेत्र के सिंदूरपुर गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पिठोरिया थाना में कांड संख्या 112/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक बानेश्वर गोराई पिठोरिया क्षेत्र के विभिन्न होटलों में स्टाफ और वेटर उपलब्ध कराने का काम करता था। उसने कृष्णा स्वीट्स में भी कर्मचारियों को काम पर लगवाया था। पुलिस के मुताबिक, होटल मालिक की पत्नी अक्सर पूजा करने होटल आती थी। इस दौरान मृतक कथित तौर पर उस पर अभद्र और अश्लील टिप्पणियां करता था।

इसके अलावा, होटल में बिक्री से मिलने वाले रुपये भी कथित तौर पर हड़प लेता था। इससे होटल मालिक को आर्थिक नुकसान हो रहा था। इन घटनाओं को लेकर होटल मालिक और मृतक के बीच कई बार विवाद हुआ था। जब मालिक उसे डांटता-फटकारता था, तो वह कुछ दिनों के लिए होटल छोड़कर चला जाता था और वहां काम करने वाले अन्य कर्मचारियों को भी अपने साथ ले जाता था। पुलिस के अनुसार, इन्हीं वजहों से नाराज होकर कृष्णा कुमार ने अमित कुमार के साथ मिलकर बानेश्वर की हत्या की योजना बनाई।

एसपी ने बताया कि घटना वाले दिन बानेश्वर अपने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान आरोपितों ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत उसका पीछा किया। करकट्टा मोड़ के पास कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों की संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल बाइक, एक मोबाइल फोन, मृतक का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, आरोपितों के कपड़े, एक डीवीआर, दो वाई-फाई राउटर और एक स्कूटी बरामद की है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है। पुलिस की छापेमारी टीम में सदर डीएसपी अमर कुमार पांडेय, पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार, कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार सहित विभिन्न थानों और तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story