रांची के जगरनाथपुर में वृद्ध महिला हत्याकांड का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपित गिरफ्तार
रांची, 04 मार्च (हि.स.)। रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में हुई वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य साजिशकर्ता सलोमी होरो, मोहम्मद आरिफ खान, हसन रज्जा उर्फ हशनू और मोहम्मद शाहिन शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
जगरनाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बुधवार को बताया कि पांच दिसंबर 2025 को जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के विजेता इन्क्लेव में रहने वाली 60 वर्षीय विश्वासी हन्ना तिरू की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद उनके गहने भी लूट लिए गए थे। इस संबंध में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर तीन आरोपितों तथा मुख्य साजिशकर्ता सलोमी होरो को गिरफ्तार किया। सलोमी होरो मृतका की पूर्व परिचित बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने मृतका की फिक्स डिपॉजिट राशि हड़पने तथा गहनों और नकदी की चोरी की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित मोहम्मद आरिफ खान के खिलाफ हबीबगंज थाना में पहले से भी एक मामला दर्ज है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

