नगर निकाय मजदूरों की मांगों पर नौ अक्टूबर को समझौता नहीं हुआ तो हड़ताल : भवन सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नगर निकाय मजदूरों की मांगों पर नौ अक्टूबर को समझौता नहीं हुआ तो हड़ताल : भवन सिंह


रांची, 05 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सह झारखंड सीटू के कार्यकारी अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा है कि नौ अक्टूबर को होने वाली त्रिपक्षीय वार्ता में मजदूरों की मांगों पर निर्णायक समझौता नहीं हुआ तो हड़ताल की तिथि घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में नगर निगम प्रशासक से सक्षम प्रतिनिधि के साथ वार्ता में शामिल होने की अपील की।

भवन सिंह ने कहा कि मजदूरों को श्रम कानूनों के अनुसार छुट्टी, बोनस, वेतन पर्ची और पहचान पत्र देने की मांग की जा रही है। बढ़ती महंगाई को देखते हुए न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये करने और गैरकानूनी तरीके से हटाए गए मजदूरों को काम पर वापस लेने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा मजदूरों के स्थायीकरण और पक्की नौकरी देने की मांग दोहराई गई है।

उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को श्रमायुक्त के साथ हुई वार्ता में विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई थी। इस दौरान मजदूर हित में कानूनी प्रावधानों का पालन करने का भरोसा दिया गया था। वार्ता में महिला सफाई मजदूरों को मातृत्व अवकाश का लाभ नहीं मिलने से हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया।

भवन सिंह ने कहा कि नौ अक्टूबर की त्रिपक्षीय वार्ता में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो श्रम विभाग को तत्काल हड़ताल का नोटिस सौंपा जाएगा। उन्होंने मजदूरों से घोषित तिथि पर हड़ताल और निगम कार्यालय घेराव के लिए तैयार रहने की अपील की।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story