नगर निकाय चुनाव : झारखंड में तीन बजे तक 50.61 प्रतिशत मतदान
रांची, 23 फरवरी (हि.स.)। झारखंड में नगर निकाय चुनाव के तहत जारी मतदान का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। दोपहर तीन बजे तक राज्यभर में 50 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है।
झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने जानकारी दी कि सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक लगभग 50.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।
मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे से राज्यभर में जारी है, जो शाम 5:00 बजे तक चलेगी। राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
उल्लेखनीय है कि राज्य में नगर निगम के लिए रांची, हजारीबाग, मेदिनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो में मतदान जारी है।
नगर परिषद के लिए गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
इसी प्रकार नगर पंचायत के लिए बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया में मतदान हो रहा है।
1087 वार्डों के 4304 बूथों पर मतदान
राज्य में कुल 48 नगर निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें 13 नगर निकाय ऐसे हैं, जहां वर्ष 2020 से चुनाव लंबित थे, जबकि रांची सहित अन्य नगर निगम एवं निकायों में 2022 से चुनाव लंबित था।
इस चुनाव में कुल 1087 वार्डों के 4304 मतदान केंद्रों पर मतदान चल रहा है। उल्लेखनीय है कि इस नगर निकाय चुनाव में नोटा का प्रावधान नहीं रखा गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

