नगर आयुक्त ने धुर्वा-तुपुदाना अंचल कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
नगर आयुक्त ने धुर्वा-तुपुदाना अंचल कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण


नगर आयुक्त ने धुर्वा-तुपुदाना अंचल कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण


-अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस देने का निर्देश

रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। रांची के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को धुर्वा और तुपुदाना अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं और कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नगर निगम की सेवाएं स्थानीय स्तर पर सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

सेक्टर-3 स्थित धुर्वा अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नागरिकों की आवाजाही, उपलब्ध सेवाओं और लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए, जिससे कि नागरिकों को अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े।

तुपुदाना अंचल कार्यालय में कुछ शाखाओं के कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यालय परिसर में संचालित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा मरीजों की संख्या की जानकारी ली।

नगर आयुक्त ने सभी अंचल कार्यालयों में पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक भवन मरम्मत कराने तथा प्रमुख मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालयों का उद्देश्य नागरिकों को उनके नजदीक ही नगर निगम की सेवाएं उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।--------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story