छठ घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का अपर नगर आयुक्त ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
छठ घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का अपर नगर आयुक्त ने लिया जायजा


रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने शनिवार को निगम की टीम के साथ जेल तालाब और चडरी तालाब छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों घाटों की पूजा समितियों ने निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अस्थायी चेंजिंग रूम की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव करने और जल की शुद्धता बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में फिटकरी डालने का निर्देश दिया।

उन्होंने श्रद्धालुओं की निजता का ध्यान रखते हुए डबल लेयर चेंजिंग रूम को ऊपर से भी पूरी तरह ढकने और संपर्क मार्गों पर स्थित खुले नालों को तत्काल स्लैब से ढकने को कहा।

अपर नगर आयुक्त ने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पर्व समाप्त होने तक पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story