यूआरएमपी की तैयारी को लेकर मल्टी स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
यूआरएमपी की तैयारी को लेकर मल्टी स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित


रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। रांची नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत शहर की नदियों एवं जल निकायों के समग्र प्रबंधन, संरक्षण एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (यूआरएमपी) तैयार करने की दिशा में पहल की जा रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में मल्टी स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप (एमएसडब्लूजी) की बैठक आयोजित की गई। यह योजना राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (एनआइयूए) और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की ओर से वर्ल्ड बैंक के सहयोग से तैयार की जा रही है। बैठक से पूर्व एनआइयूए की टीम के जरिये रांची नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का विस्तृत भ्रमण और अध्ययन किया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा बेसिन के 60 शहरों के लिए यूआरएमपी तैयार किया जा रहा है, जिसमें रांची शहर भी शामिल है। इस योजना के अंतर्गत हरमू नदी, स्वर्णरेखा नदी (शहरी क्षेत्र) एवं शहर के प्रमुख तालाबों और झीलों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर विशेष फोकस किया जाएगा।

मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि शहर के इकोसिस्टम के संतुलन के लिए सभी विभाग और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मानव व्यवहार में सकारात्मक बदलाव के माध्यम से ही जल निकायों का दीर्घकालिक संरक्षण संभव है। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि इस योजना को अभियान के रूप में संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाए।

बैठक में यूआरएमपी के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें फ्लडप्लेन का संरक्षण, नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाना, जल निकायों का पुनर्जीवन, रिवेरियन बफर और जैव विविधता संरक्षण, उपचारित अपशिष्ट जल का पुनः उपयोग, स्टॉर्म वाटर और भूजल प्रबंधन, इको-फ्रेंडली रिवरफ्रंट विकास, सीवरेज सिस्टम एवं नागरिक सहभागिता तथा जन-जागरूकता शामिल हैं।

बैठक में उपस्थिति राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के पूर्व महानिदेशक-सह-मुख्य सलाहकार राजीव रंजन मिश्रा, एनआईयूए संजय कुमार, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, उप निदेशक, सुडा, विकाश कुमार, राहुल सचदेवा सहित अन्य कई लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story