भगवा ध्वज के मुद्दे पर बोले सांसद, सोशल मीडिया से निकलकर जमीन पर उतरें लोग
रामगढ़, 24 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के सुभाष चौक पर लगाए गए भगवा ध्वज को लेकर कुछ हिंदू संगठन के लोगों ने सवाल खड़े किए। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल पर भी सोशल मीडिया पर टिप्पणी की गई। इन सभी टिप्पणियों पर सांसद मनीष जायसवाल ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि भगवा ध्वज फहराने की बात जब आती है तो भाजपाई से बड़ा कोई कार्यकर्ता नहीं हो सकता। मैं खुद भी उसमें शामिल हूं। रामगढ़ के सुभाष चौक पर लगाया गया भगवा ध्वज जब उतारा जा रहा था तब अपने आप को हिंदू संगठन के पुरोधा मानने वाले लोग सामने नहीं आए।
सांसद ने कहा कि उन्होंने खुद छावनी परिषद के सीईओ से बात की। इस दौरान रामगढ़ रामनवमी महासमिति के कार्यकर्ता भी सामने आए। उन लोगों ने सम्मानपूर्वक भगवा ध्वज को सुभाष चौक से उतरा और उसे एक स्थान पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ सोशल मीडिया पर लिखकर ही अपने आप को हिंदूवादी नेता समझ रहे हैं, जबकि उन्हें सोशल मीडिया से बाहर निकाल कर धरातल पर उतरने की जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

