श्रावणी मेले में कांवड़ियों की सेवा का केंद्र बना नमो सेवा शिविर, सांसद निशिकांत दुबे ने की बाबा भक्तों की सेवा

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेले में कांवड़ियों की सेवा का केंद्र बना नमो सेवा शिविर, सांसद निशिकांत दुबे ने की बाबा भक्तों की सेवा


देवघर, 17 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेले के अवसर पर देवघर में आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सुल्तानगंज से देवघर तक कांवड़िया पथ पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं की निस्वार्थ भाव से सेवा की जा रही है। इन शिविरों में कांवड़ियों की सुविधा के साथ उन्हें भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

इन्हीं सेवा शिविरों में गोड्डा से सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के निर्देशन में संचालित नमो सेवा शिविर अपनी व्यवस्थित और आधुनिक सेवा व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शिविर में कांवड़ियों के लिए आवास, भोजन, शरबत, शुद्ध पेयजल, फल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। थके-मांदे कांवड़ियों को राहत देने के लिए दर्द निवारक दवाओं के साथ विभिन्न मशीनों के माध्यम से भी सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

श्रद्धालुओं के मनोरंजन और आध्यात्मिक माहौल को बनाए रखने के लिए प्रतिदिन भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कांवड़ियों की जरूरत के अनुसार विभिन्न प्रकार की भोजन सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सेवा कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सैकड़ों सदस्यों की टीम लगातार सक्रिय है। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के निर्देश पर कार्यकर्ता दिन-रात कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं। समय-समय पर भाजपा के विभिन्न कार्यकर्ता भी शिविर में पहुंचकर सेवा कार्य में योगदान दे रहे हैं।

सोमवार को सांसद डॉ. निशिकांत दुबे स्वयं नमो सेवा शिविर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों के बीच सेवा कार्य किया और शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि महादेव की नगरी में जुटने वाली इतनी बड़ी भीड़ को स्वयं महादेव संभालते हैं। उनके आशीर्वाद और प्रेरणा से ही सेवा का यह कार्य संभव हो पा रहा है।

शिविर के संचालन में हरि किशोर सिंह, अभयानंद झा, देवता पांडेय समेत दर्जनों कार्यकर्ता और सेवा भावी लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story