रांची में तीन दिवसीय “सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला” का आयोजन, कला-स्वदेशी का होगा संगम

WhatsApp Channel Join Now
रांची में तीन दिवसीय “सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला” का आयोजन, कला-स्वदेशी का होगा संगम


रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। रांची के नागरिक एक से तीन मई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक और स्वदेशी महोत्सव का आनंद ले सकेंगे। इस दौरान स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थी और कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन की तैयारियां रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के मार्गदर्शन में तेजी से की जा रही हैं।

रांची लोकसभा क्षेत्र में कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला 2026” का आयोजन 1, 2 एवं 3 मई 2026 को ऑड्रे हाउस में किया जाएगा।

यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के विजन से प्रेरित बताया गया है। यह पहला अवसर होगा जब स्वदेशी उत्पादक और कला से जुड़े लोग एक ही मंच पर एक साथ नजर आएंगे।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोक कला और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना है, ताकि “स्वदेशी अपनाएं, विकसित भारत बनाएं” के संकल्प को साकार किया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे परिवार सहित इस महोत्सव में शामिल होकर स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों का उत्साह बढ़ाएं।

महोत्सव प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा, जिसमें रांची लोकसभा क्षेत्र के कलाकार, शिल्पकार और उद्यमी भाग लेंगे। इसके लिए प्रतिभागियों के आवेदन फॉर्म भी जारी किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत कई सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें समूह लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, जनजातीय नृत्य, सामूहिक गायन, लघु नाटिका (स्किट) और बैंड/फ्यूजन संगीत शामिल हैं। इसमें जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही मेले में 150 से अधिक निःशुल्क स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी। आगंतुकों को झारखंडी खान-पान का विशेष अनुभव भी मिलेगा।

यह आयोजन न केवल स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को मंच प्रदान करेगा, बल्कि रोजगार सृजन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देने में सहायक साबित होगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story