गणित-विज्ञान मेले में सांसद ने की बच्चों की प्रतिभा की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
गणित-विज्ञान मेले में सांसद ने की बच्चों की प्रतिभा की सराहना


गणित-विज्ञान मेले में सांसद ने की बच्चों की प्रतिभा की सराहना


रामगढ़, 29 सितंबर (हि.स.)। शहर के रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेले के दूसरे दिन मंगलवार को विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार ने आकर्षित किया। कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल मेले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न मॉडल एवं प्रकल्पों का निरीक्षण किया।

विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार की ओर से सांसद मनीष जायसवाल का स्वागत किया गया। इसके बाद सांसद मनीष जायसवाल, विद्या भारती के राष्ट्रीय मंत्री ब्रह्मा जी राव, संगठन मंत्री ख्यालीराम, विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा सहित अन्य ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मौके पर सांसद ने कहा कि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित अवसर देना और निखारना जरूरी है। विज्ञान एवं गणित केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी अपने आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए नए विचार और तकनीक विकसित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मेले में सांसद ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर विद्यार्थियों के प्रकल्पों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से उनके मॉडल की कार्यप्रणाली, उपयोग और उसके पीछे की सोच के बारे में जानकारी ली।

मेले में सेंसर आधारित तकनीक, रोबोटिक्स, स्वचालन और भविष्य में उपयोगी तकनीकी अवधारणाओं पर आधारित कई आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान में तकनीक के उपयोग को अपने प्रकल्पों के माध्यम से प्रदर्शित किया।

28 से 30 सितंबर तक आयोजित इस क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेले में झारखंड और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित छात्र और छात्रा भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में विद्या भारती के विभिन्न पदाधिकारी, निरीक्षक विवेक नयन पांडेय, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, प्रतिभागी विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story