इको पार्क में मिलेगी ई-कार्ट सुविधा काे लेकर जिला प्रशासन-एनटीपीसी के बीच एमओए

WhatsApp Channel Join Now
इको पार्क में मिलेगी ई-कार्ट सुविधा काे लेकर जिला प्रशासन-एनटीपीसी के बीच एमओए


चतरा, 30 जुलाई (हि.स.)। चतरा इको पार्क में आने वाले पर्यटकों को जल्द ही ई-कार्ट की सुविधा मिलेगी। गुरुवार को समाहरणालय में उपायुक्त रवि आनंद की उपस्थिति में जिला प्रशासन और एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर परियोजना टंडवा के बीच समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए।

इसके तहत करीब 13 लाख रुपये की लागत से 12-12 सीट क्षमता वाले दो ई-कार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे।

समझौते पर जिला प्रशासन की ओर से जिला खनन पदाधिकारी मनोज कुमार टोप्पो और एनटीपीसी की ओर से प्रमंडलीय महाप्रबंधक (एचआर) निखिल गुप्ता ने हस्ताक्षर किया।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि चतरा इको पार्क जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन रहा है। ई-कार्ट सुविधा शुरू होने से बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों सहित सभी पर्यटकों को पार्क भ्रमण में सहूलियत मिलेगी। साथ ही पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आगंतुकों का अनुभव बेहतर होगा।

इस अवसर पर प्रशिक्षु सह संलग्न पदाधिकारी (दक्षिणी वन प्रमंडल) श्वेताभ सुमन, एनटीपीसी के सहायक महाप्रबंधक (एचआर) नीरज कुमार रॉय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story