समझौते से मोटर दुर्घटना के पीडित को मिला 18 लाख
रामगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। मोटर दुर्घटना दावा वाद में आपसी समझौते के आधार पर दावेदार को 18 लाख रुपये मुआवजा दिलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की पूर्व-सुलह बैठक में मामले का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत की पूर्व-सुलह बैठक के दौरान मोटर दुर्घटना से संबंधित मामले में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। समझौते के आधार पर दावेदार को कुल 18 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ मो तौफीकुल हसन ने दावेदार को मुआवजा राशि प्रदान की।
इस पहल के माध्यम से मोटर दुर्घटना से जुड़े मामले का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार का प्रयास है कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिले और न्यायिक प्रक्रिया सरल एवं सुलभ बने। समझौते के जरिए मामलों का निष्पादन पक्षकारों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्तियों को सुलभ, त्वरित एवं निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समझौते के माध्यम से वादों का निष्पादन कर पक्षकारों को शीघ्र न्याय दिलाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

