रांची के लोगों को तनाव से बचने का टिप्स देंगी मोटिवेशनल स्पीकर डॉ मोनिका सिंघल

WhatsApp Channel Join Now
रांची के लोगों को तनाव से बचने का टिप्स देंगी मोटिवेशनल स्पीकर डॉ मोनिका सिंघल


रांची, 22 मई (हि.स.)। वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मिक संतुलन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा तथा हरि ओम स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में रूबरू नामक आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम 27 सितंबर को शाम 4.30 बजे से डंगराटोली स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में किया जाएगा।

इस विशेष कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रसिद्ध स्प्रीचुअल हीलर, लाइफ कोच और मोटिवेशनल स्पीरकर डॉ मोनिका सिंघल होंगी।

डॉ सिंघल देशभर में अपने प्रेरणादायी वक्तव्यों, सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए जानी जाती हैं। वे अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से लोगों को मानसिक तनाव से उबरने, आत्मविश्वास बढ़ाने, जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने एवं बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ मोनिका सिंघल उपस्थित लोगों को जीवन में बढ़ते तनाव, पारिवारिक एवं सामाजिक चुनौतियों, मानसिक दबाव तथा आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न परेशानियों से निपटने के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन देंगी।

साथ ही वे आत्मिक ऊर्जा, सकारात्मक सोच, मेडिटेशन और मोटिवेशन के माध्यम से जीवन को सफल एवं संतुलित बनाने के सूत्र साझा करेंगी।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है।

प्रवेश केवल पूर्व रजिस्ट्रेशन के माध्यम से होगा और रजिस्ट्रेशन पूर्णतः निशुल्क रहेगा। रजिस्ट्रेशन के लिए मारवाड़ी युवा मंच और कार्यक्रम के संयोजक नीरज अग्रवाल, अमित शर्मा, गौरव अग्रवाल और रवि अग्रवाल से संपर्क किया जा सकता है।

वहीं शाखा के अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का लाभ लेने की अपील की है। यह जानकारी मारवाड़ी युवा मंच के अमित शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story