हर-हर महादेव से गूंजा मोरहाबादी, यज्ञा बाबा आश्रम में शिवभक्ति का संगम

WhatsApp Channel Join Now
हर-हर महादेव से गूंजा मोरहाबादी, यज्ञा बाबा आश्रम में शिवभक्ति का संगम


रांची, 18 अगस्त (हि.स.)।

सावन को लेकर मंगलवार को राजधानी रांची का मोरहाबादी क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर रहा। आम्रकुंज स्थित दुर्गा मंदिर परिसर के श्री श्री 1008 यज्ञा बाबा आश्रम में भव्य शिव महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के बीच हुआ।

इस अवसर पर आश्रम के मुख्य महंत श्री भरत दास महाराज के सानिध्य और मुख्य पुजारी विकास पांडेय के मार्गदर्शन में भगवान शिव का विधिवत पूजन, जलाभिषेक और विशेष रुद्राभिषेक कराया गया। वैदिक आचार्यों और श्रद्धालुओं के मंत्रोच्चार के बीच दूध, जल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से रुद्राभिषेक हुआ। महामृत्युंजय मंत्र और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

सावन की बारिश के बीच मंदिर में गूंजते ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण शिवमय रहा।

शाम को भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की गई। शंखनाद, घंटियों की ध्वनि, डमरू की थाप और दीपों की रोशनी के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव का जयघोष किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकुमार पोद्दार और रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी ने पूजा, रुद्राभिषेक और आरती में भाग लिया।

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मप्रेमी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story