मॉनिटरिंग टीम ने की बीएयू में गेहूं और जौ के अनुसंधान कार्यों की सराहना
रांची, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय गेहूं और जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल, हरियाणा की एक मॉनिटरिंग टीम ने गुरुवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) का दौरा किया और गेहूं एवं जौ संबंधी अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के तहत बीएयू में चल रहे शोध कार्यों की समीक्षा की।
मॉनिटरिंग टीम में करनाल से पहुंचे वरीय वैज्ञानिक (पौधा प्रजनन) डॉ संतोष बिश्नोई और डॉ रवीन्द्र कुमार (पौधा रोग) शामिल थे। मौके पर बीएयू में परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ सूर्य प्रकाश ने बताया कि टीम ने प्रायोगिक प्रक्षेत्रों के भ्रमण के बाद शोध कार्यों की सराहना की और जौ की छिलका रहित किस्मों पर ज्यादा शोध कार्य करने पर बल दिया, ताकि बेहतर लाभ के लिए किसानों के बीच छिल्का रहित जौ किस्मों को प्रसारित किया जा सके।
टीम ने बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे और अनुसंधान निदेशक डॉ पीके सिंह से भी मुलाकात की और गेहूं और जौ के क्षेत्र में झारखंड के लिए शोध प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

