झपट्टा मार मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
झपट्टा मार मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार


देवघर, 11 मई (हि.स.)। पुलिस को मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जिले में लगातार सक्रिय यह गिरोह राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर उन्हें विभिन्न स्थानों पर बेच देता था। चोरी के मोबाइल फोन का उपयोग साइबर अपराध में भी किया जाता था। हाल ही में सत्संग मोड़ और पटेल चौक के पास हुई मोबाइल झपटमारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में विस्तृत जानकारी पुलिस अधीक्षक देवघर ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ देवघर के नेतृत्व में देवघर नगर थाना और रिखिया थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में पता चला कि यह गिरोह मोबाइल छीनने के बाद देवघर के एक दुकान में ले जाकर विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से फोन का लॉक तोड़ता था। इसके बाद मोबाइल फोन को आम लोगों को बेच दिया जाता था या साइबर अपराध में इस्तेमाल किया जाता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक लैपटॉप बरामद किया है, जिसमें मोबाइल फोन का लॉक तोड़ने वाले कई सॉफ्टवेयर मौजूद थे। इसके अलावा 11 महंगे मोबाइल फोन और दो बाइक भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपितों में अनिकेत कुमार, विजय कुमार, अमन चौधरी और विकी महथा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अनिकेत कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story