राज्य के संसाधनों और गरीबों के हक पर हमला कतई बर्दाश्त नहीं : संजय शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
राज्य के संसाधनों और गरीबों के हक पर हमला कतई बर्दाश्त नहीं : संजय शर्मा


देवघर, 19 सितंबर (हि.स.)। खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमाे) ने शनिवार को देवघर प्रखंड परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक का विरोध किया। साथ ही केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर पार्टी नेताओं ने आपत्ति जतायी।

धरना-प्रदर्शन में झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा, महापौर रवि राउत और वरिष्ठ नेता सुरेश साह सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थेे।

मौके पर जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा और महापौर रवि राउत ने संयुक्त रूप से कहा कि पार्टी की दृष्टि में यह संशोधन विधेयक झारखंड के विकास और राज्य के अधिकारों को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक के माध्यम से राज्य को मिलने वाले विभिन्न संसाधनों और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास से जुड़े डीएमएफटी फंड पर असर पड़ सकता है।

नेताओं ने कहा कि राज्य में संचालित कल्याणकारी योजनाओं और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों की सुरक्षा जरूरी है।

संजय शर्मा ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल और जमीन और गरीब एवं वंचित लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज सड़क से सदन तक उठाई जाएगी।

धरना-प्रदर्शन के बाद पार्टी की ओर से अंचलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष विपिन यादव, श्यामाकांत झा, श्री सिंह, संजू मुर्मू, राजू खान, अजय नारायण मिश्रा, प्रकाश पांडे सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story