जेटेट अभ्यर्थियों ने विधायक को ज्ञापन देकर समस्याओं की दी जानकारी
रांची, 12 नवंबर (हि.स.)।
जेटेट-2026 परीक्षा में तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों पर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने गुरुवार को झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची परिसर में कोलेबिरा विधायक विक्सल कोंगाड़ी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के जरिए अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (एस,टी,यू,वी) से संबंधित गड़बड़ी का मामला उठाया। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र में दर्ज विभिन्न त्रुटियों की ओर भी विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया। अभ्यर्थियों का कहना था कि इन तकनीकी और प्रशासनिक गलतियों के लिए परीक्षार्थियों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। इनका असर किसी भी अभ्यर्थी के परिणाम और भविष्य पर नहीं पड़ना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक विक्सल कोंगाड़ी ने प्रतिनिधिमंडल की बाताें पर तत्काल जैक के सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल की। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं मौके पर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने विधायक के हस्तक्षेप के लिए आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

