थाने में महिला से दुष्कर्म की घटना पर नीरा यादव ने हेमंत सरकार को घेरा, 595 मंडलों में पुतला दहन का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
थाने में महिला से दुष्कर्म की घटना पर नीरा यादव ने हेमंत सरकार को घेरा, 595 मंडलों में पुतला दहन का ऐलान


रांची, 01 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना में न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश की पूर्व मंत्री एवं कोडरमा की विधायक डॉ. नीरा यादव ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे राज्य की कानून-व्यवस्था और सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल बताया।

नीरा यादव ने कहा कि राज्य सरकार सबसे पहले पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राज्य की महिलाओं और आम जनता को बताना चाहिए कि झारखंड में कमजोर पड़ चुकी कानून-व्यवस्था का इकबाल दोबारा कैसे स्थापित होगा। जब तक अपराधियों के मन में कानून का भय नहीं होगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक स्थिति में सुधार संभव नहीं है। उन्होंने पूरे मामले में राज्य सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की।

नीरा यादव ने घोषणा की कि इस शर्मनाक घटना के विरोध में रविवार शाम राज्य के सभी 595 सांगठनिक मंडलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया जाएगा।

नीरा यादव ने कहा कि पति-पत्नी के आपसी विवाद के बाद एक महिला न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची थी। रात हो जाने और असुरक्षा के भय से वह थाना परिसर में ही रुक गई। उसे भरोसा था कि पुलिस की मौजूदगी में वह सुरक्षित रहेगी, लेकिन जिस खाकी वर्दी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी वर्दी में मौजूद व्यक्ति ने उसकी अस्मिता पर हमला किया। उन्होंने कहा कि रक्षक ही भक्षक बन गया। इस घटना ने पुलिस की साख और जनता के विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई है। एक पुलिसकर्मी की करतूत से पूरा पुलिस महकमा शर्मसार हुआ है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि वीरों और बलिदानियों की धरती झारखंड की ऐसी तस्वीर सामने आना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार के शासनकाल में राज्य की छवि धूमिल हुई है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ी है। राज्य में बढ़ते अपराध के लिए उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है।

भाजपा नत्री ने महिला आयोग का पद छह वर्षों से अधिक समय से खाली रहने पर भी सवाल उठाए। दावा किया कि राज्य में अब तक 10 हजार से अधिक दुष्कर्म और लगभग इतनी ही हत्याओं की घटनाएं हो चुकी हैं। इस घटना को लेकर महिलाओं में भारी आक्रोश है। महिलाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि वे आखिर सुरक्षित कहां हैं। घर से बाहर निकलने पर चेन छिनतई और न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचने पर ऐसी घटनाएं उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं।

नीरा यादव ने राज्य में घुसपैठ, नशे के कारोबार और आपराधिक घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार वोट बैंक की राजनीति के कारण घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। राज्य में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और दिनदहाड़े गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं और छात्र-छात्राओं को भी निराश किया है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी षड्यंत्र का शिकार न बनें, मोबाइल का सदुपयोग करें और शॉर्टकट के बजाय मेहनत तथा सही रास्ते से अपना भविष्य बनाएं।

राज्य के बिगड़ते सामाजिक ताने-बाने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में कभी लोग रात में भी निडर होकर घूमते थे। पड़ोसियों के बीच अपनापन, सामाजिक सौहार्द और आपसी आत्मीयता राज्य की पहचान हुआ करती थी, लेकिन आज यह विश्वास कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। राज्य की संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को बचाने के लिए सभी को गंभीरता से चिंतन करने की जरूरत है।

प्रेस वार्ता में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित थीं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story