रांची में नदी से बरामद हुआ लापता ढाई साल के बच्चे का शव

WhatsApp Channel Join Now
रांची में नदी से बरामद हुआ लापता ढाई साल के बच्चे का शव


रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के डोरंडा स्थित छप्पन सेठ कुम्हारटोली से शुक्रवार शाम लापता हुए ढाई साल के बच्चे अरनव का शव शनिवार सुबह नदी से बरामद किया गया। बच्चे का घर नदी के ठीक किनारे स्थित है। घर से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे उसका शव मिला।

परिजनों के अनुसार, बच्चा शुक्रवार शाम अचानक लापता हो गया था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए और पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डोरंडा थाना की पुलिस ने खोजबीन शुरू की। शनिवार सुबह राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने नदी में सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान बच्चे का शव बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना से इलाके में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही डोरंडा थाना की पुलिस और हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि बच्चे की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।--------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773881 Articles

Share this story