अल्पसंख्यक समाज की बैठक में 12 प्रस्ताव पारित, जल्द होगा राज्यस्तरीय मुस्लिम सम्मेलन

WhatsApp Channel Join Now
अल्पसंख्यक समाज की बैठक में 12 प्रस्ताव पारित, जल्द होगा राज्यस्तरीय मुस्लिम सम्मेलन


-उर्दू अकादमी के गठन, 10 प्रतिशत आरक्षण और एएमयू की तर्ज पर उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने की उठी मांग

रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। अल्पसंख्यक समाज की ओर से रविवार को इरबा स्थित अब्दुर्रज़्ज़ाक अंसारी हैंडलूम कॉम्प्लेक्स में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनवार अहमद अंसारी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे उलेमा, बुद्धिजीवियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने समाज की एकजुटता तथा डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक में जल्द ही राज्यस्तरीय मुस्लिम सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में समाज के शैक्षणिक, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक हितों से जुड़े 12 प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें राज्य में उर्दू अकादमी का गठन, मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की तर्ज पर उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना तथा वक्फ बोर्ड और हज कमेटी को मजबूत करने की मांग प्रमुख रही।

इसके अलावा परिसीमन की प्रक्रिया पर निगरानी रखने, समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में सहयोग उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया। बैठक में थानों में मुस्लिम, आदिवासी और दलित समुदायों की उचित भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनवार अहमद अंसारी ने डॉ. इरफान अंसारी को समाज की मजबूत आवाज बताते हुए बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने समाज के हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वह पहले इंसान हैं, फिर डॉक्टर और उसके बाद नेता। इंसानियत, ईमानदारी और गरीबों की सेवा करना ही उनके लिए सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

बैठक में मौलाना साबिर हुसैन, मुफ्ती फुरकान, मौलाना इनायत कलीम सहित कई उलेमा, बुद्धिजीवी और सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story