तालाब से लौट रही नाबालिग से छेड़खानी,आरोपित फरार
रामगढ़, 27 मई। रामगढ़ थाना क्षेत्र के चेटर गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब पीड़िता तालाब से नहा कर अपने घर लौट रही थी। मामले को लेकर पीड़िता की मां के बयान पर रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान में कहा है कि वह नहाने के लिए बूढ़ा खुखरा तालाब गई थी। नहाकर वापस लौटने के दौरान रास्ते में गांव के ही युवक धोनी कुमार महतो ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवक ने उसका मुंह दबाकर उसे झाड़ियों की ओर खींच लिया।
पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर आने लगे। लोगों को आता देख आरोपित लड़की को छोड़कर वहां से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

