शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सबों की जिम्मेदारी : शिल्पी

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सबों की जिम्मेदारी : शिल्पी


रांची, 25 अप्रैल (हि.स.)। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शनिवार को मांडर विधानसभा क्षेत्र के लापुंग प्रखंड के सुदूरवर्ती इलाकों में स्थित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में हर किसी की जवाबदेही है। इसे समझते हुए कार्य करें।

मंत्री ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और स्वयं भोजन का स्वाद लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और जागरूकता के साथ देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्णय में भविष्य की पीढ़ियों को ध्यान में रखना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षक, अभिभावक और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक, उत्क्रमित मध्य और उच्च विद्यालयों में अध्ययन व्यवस्था, आधारभूत संरचना और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कई विद्यालयों में फर्नीचर, खिड़की और दरवाजों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए जल्द मरम्मत के निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story