मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झुलसे बच्चे का जाना हाल, इलाज में लापरवाही नहीं बरतने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झुलसे बच्चे का जाना हाल, इलाज में लापरवाही नहीं बरतने के दिए निर्देश


रांची, 15 जून (हि.स.)। झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सोमवार को रांची स्थित देवकमल अस्पताल पहुंचकर महागामा निवासी गुंजन कुमार के सात वर्षीय पुत्र प्रिंस ठाकुर का हालचाल जाना। बच्चा हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया था और उसका इलाज फिलहाल विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है।

अस्पताल पहुंचने पर मंत्री ने चिकित्सकों से प्रिंस की स्वास्थ्य स्थिति और चल रहे उपचार की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चे के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा उसे सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और उनका विभाग बच्चे के बेहतर इलाज के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रिंस की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

परिजनों ने मंत्री को बताया कि हादसे के बाद बच्चे को पहले बोकारो में प्राथमिक उपचार दिया गया था, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रांची रेफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार देवकमल अस्पताल में जारी है।

मंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है तथा बच्चे के इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story