बिना मेहनत सफलता की कल्पना भ्रम : शिल्पी

WhatsApp Channel Join Now
बिना मेहनत सफलता की कल्पना भ्रम : शिल्पी


-संत जॉन हाई स्कूल में मैट्रिक उत्तीर्ण छात्रों का सम्मान, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेहनत और अनुशासन पर दिया जोर

रांची, 04 मई (हि.स.)। रांची के नवाटांड़ (मांडर) स्थित संत जॉन हाई स्कूल में वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन संघर्षों से भरा होता है और बिना मेहनत के सफलता प्राप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी उपलब्धि को अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत मानने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार रखने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि इस विद्यालय के अधिकांश छात्र-छात्राएं ऐसे परिवारों से आते हैं, जहां आर्थिक संसाधन सीमित हैं। कई विद्यार्थी सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं, जिनके माता-पिता कड़ी मेहनत कर उनकी शिक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने छात्रों से ईमानदारी और लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी मेहनत निश्चित रूप से भविष्य में रंग लाएगी।

उन्होंने अपने क्षेत्रीय भ्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि कई बेटियां पढ़ाई के साथ-साथ घरेलू जिम्मेदारियां भी निभा रही हैं, फिर भी वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हैं, जो सराहनीय है।

मंत्री ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ मित्रता, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी तथा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने की भी नसीहत दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, प्रधानाध्यापक बेंजामिन समद, सिल्वेस्टर सुरीन, मंगा उरांव, फिलिप सहाय एक्का सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story