बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी : मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी : मंत्री


रांची, 10 सितंबर (हि.स.)। मंत्री शिल्पी तिर्की ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल और सह पाठ्यक्रम गतिविधियां भी जरूरी हैं। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। मंत्री गुरुवार को

मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित सीआईएससीई नेशनल हॉकी टूर्नामेंट-2026 में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी।

इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला औफजाई करते हुए उन्हें खेल के प्रति प्रोत्साहित किया। तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हॉकी में अपनी क्षमता और खेल भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबों तक सीमित रखने के बजाय खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि सीआईएससीई से संबद्ध विद्यालय शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ खेल के मैदान से भी सीखें, अपनी प्रतिभा निखारें और देश और राज्य का नाम रोशन करें।

मौके पर बिशप स्कूल नामकुम के प्रधानाचार्य जोएल एडविन, संत जेवियर डोरंडा के प्रधानाचार्य फूलदेव सोरेंग सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story