जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 25 गरीब बच्चे निःशुल्क सर्जरी के लिए कोच्चि रवाना

WhatsApp Channel Join Now
जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 25 गरीब बच्चे निःशुल्क सर्जरी के लिए कोच्चि रवाना


रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर दिल में छेद और जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 25 गरीब बच्चों को निःशुल्क जटिल हृदय सर्जरी के लिए सोमवार को हटिया रेलवे स्टेशन से केरल के कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल भेजा गया। यह बच्चों का दूसरा बैच है। इनके इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। प्रत्येक बच्चे के उपचार पर करीब 10 लाख रुपये तक खर्च होने का अनुमान है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आर्थिक कमजोरी के कारण किसी बच्चे को बेहतर इलाज से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे पहले बच्चों का एक बैच कोच्चि भेजा गया था, जहां उनका सफल इलाज और ऑपरेशन हुआ तथा वे स्वस्थ होकर लौट चुके हैं।

इरफान अंसारी ने कहा कि गरीब बच्चों का इलाज उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की कि उनके क्षेत्र में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित ऐसे बच्चों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाएं, जिनके परिवार इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग नई तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के इलाज के लिए परिवारों को अपनी जेब से कोई राशि खर्च नहीं करनी होगी।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गरीबी किसी बच्चे के इलाज में बाधा न बने। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, रेलवे के डीआरएम सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story