स्वास्थ्य मंत्री ने किया फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ
रांची, 05 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड में फाइलेरिया (हाथीपांव) उन्मूलन को लेकर राज्य सरकार ने व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने गुरुवार को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। मौके पर राज्य के 14 जिलों में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाते हुए रवाना किया गया। कार्यक्रम के बाद फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर उन्मुखीकरण सह कार्यशाला का आयोजन भी किया गया।
मौकेे पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2029 तक झारखंड को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए संकल्पित है। इसके लिए स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगे। उन्होंने आमलोगों से बिना किसी डर और संकोच के दवा का सेवन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 14 जिलों में अभियान चल रहा है, जबकि नौ जिलों में यह पहले ही सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। मौके पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि फाइलेरिया पूरी तरह रोकथाम योग्य बीमारी है और शत-प्रतिशत दवा सेवन से इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बचाव को ही सबसे प्रभावी उपाय बताते हुए स्वच्छता, जलजमाव रोकने और मच्छरदानी के उपयोग पर जोर दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, निदेशक प्रमुख डॉ सिद्धार्थ सान्याल, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी बिरेंद्र कुमार सिंह, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ अभिषेक, परिमल संस्था के पदाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष, चिकित्सक, एएनएम, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, सहिया और सेविका-सहायिकाएं मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

