अत्यधिक गर्मी के कारण स्कूलों में कुछ दिनाें के लिए अवकाश घाेषित किया जाय : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
अत्यधिक गर्मी के कारण स्कूलों में कुछ दिनाें के लिए अवकाश घाेषित किया जाय : इरफान


रांची, 19 अप्रैल (हि.स.)। राज्य में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। मंत्री ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिन क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप अधिक है, वहां स्कूलों में कुछ दिनों के लिए अवकाश घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि दोपहर की भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है। ऐसे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए।

मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए पर्याप्त दवाएं, बेड और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखी जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में 19-20 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में तापमान 40 से 4३ डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में लोग दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें। उन्होंने राज्यवासियों से पर्याप्त पानी पीने और बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story