मरीजों की मौत पर अस्पताल प्रबंधक माफ करे इलाज का बिल : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
मरीजों की मौत पर अस्पताल प्रबंधक माफ करे इलाज का बिल : इरफान


रांची, 30 मार्च (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रांची स्थित भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल में सोमवार को अपग्रेडेड इमरजेंसी विभाग का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इलाज के नाम पर गरीबों से वसूली का खेल अब नहीं चलेगी।

उन्हाेंने कहा कि मरीज की मौत पर अस्पाताल प्रबंधक को सीधे तौर पर मरीज का बिल माफ किया जाना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर लापरवाही बरतने वाले अस्पताल प्रबंधक पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से सेवा भावना के साथ काम करने की अपील करते हुए कहा कि इसका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। मंत्री ने सख्त संदेश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी मरीज की मृत्यु के बाद उसके परिजनों से बिल वसूलना अमानवीय है। ऐसे मामलों में बिल माफ करने का निर्देश दिया गया है। इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सेवा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है और लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। अपग्रेडेड इमरजेंसी विभाग से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नई गति मिलेगी, जिससे गंभीर स्थिति में मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी। मौके पर मंत्री ने आम लोगों से भी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए जागरूक और प्रशिक्षित होने की अपील की। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story