ग्रामीण और सेवा बस्तियों को डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराना उद्देश्य : सेठ

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण और सेवा बस्तियों को डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराना उद्देश्य : सेठ


रांची, 22 मई ( हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एकल अभियान ग्रामोथान फाउंडेशन की ओर से संचालित 49 वें एकल ऑन व्हील्स के रांची के प्रथम बैच का शुभारंभ किया। रक्षा राज्य मंत्री ने इस पहल को ग्रामीण एवं सेवा बस्तियों के बच्चों और महिलाओं तक डिजिटल शिक्षा पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

उल्लेखनीय है कि 03 मई 2026 को केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की ओर से इस अत्याधुनिक ईओडब्ल्यू परियोजना का उद्घाटन किया गया था। उसी क्रम में शनिवार को रांची में इसके पहले प्रशिक्षण बैच की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर सेठ ने कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीकी शिक्षा हर बच्चे तक पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों एवं सेवा बस्तियों में रहने वाले बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा और कंप्यूटर प्रशिक्षण का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने एकल अभियान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने का अभिनव प्रयास है।

यह अत्याधुनिक बस रांची जिले के विभिन्न गांवों और शहरी सेवा बस्तियों में जाकर बच्चों एवं महिलाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करेगी। बस में तीन माह का प्रमाणपत्र आधारित कंप्यूटर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा, जिसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मुंबई की ओर से डिजाइन किया गया है।

बस में एक समय में 18 प्रशिक्षार्थियों के बैठने और प्रशिक्षण प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक सीट पर लैपटॉप, कीबोर्ड और माउस उपलब्ध कराया गया है। बस के भीतर एक बड़ा मॉनिटर भी लगाया गया है, जो प्रशिक्षक के लैपटॉप से जुड़ा रहता है, ताकि बच्चों को लाइव प्रशिक्षण दिया जा सके। साथ ही दो तकनीशियन लगातार बच्चों को तकनीकी सहयोग एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन करेंगे।

इस आधुनिक ईओडब्ल्यू बस की कुल लागत लगभग 55 लाख रुपये है। इसे रक्षा राज्य मंत्री की पहल पर रक्षा मंत्रालय के सीएसआर की ओर से प्रदान किया गया है। इस बस का संचालन एकल अभियान ग्रामोथान फाउंडेशन की ओर से किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story