सीएससी के 17वें स्थापना दिवस पर उत्कृष्ट वीएलई सम्मानित, जेएसएलपीएस के साथ हुआ एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
सीएससी के 17वें स्थापना दिवस पर उत्कृष्ट वीएलई सम्मानित, जेएसएलपीएस के साथ हुआ एमओयू


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रांची स्थित सेंट्रल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (सीटीआई) में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (वीएलई) को सम्मानित किया गया। साथ ही सीएससी ई-स्टोर और झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण भारत में डिजिटल सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि पहले पैन कार्ड, आधार, बैंकिंग, जाति, आय और आवासीय प्रमाण-पत्र जैसी बुनियादी सेवाओं के लिए ग्रामीणों को प्रखंड और जिला मुख्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब ये अधिकांश सुविधाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे ग्रामीणों के समय, धन और श्रम की बचत होने के साथ सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच भी आसान हुई है।

मंत्री ने कहा कि सीएससी ई-स्टोर और जेएसएलपीएस के बीच हुआ यह समझौता स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत पलाश और अदिवा ब्रांड के उत्पाद अब सीएससी के ई-कॉमर्स नेटवर्क के माध्यम से व्यापक बाजार तक पहुंच सकेंगे। इससे ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर विपणन मंच मिलेगा और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने वीएलई से अपील की कि वे पारदर्शिता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के साथ हुए समझौते के तहत राज्य में पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड स्थापना दिवस 15 नवंबर से पहले सभी पंचायतों में आधार सेवाएं शुरू करना है।

कार्यक्रम में यूआईडीएआई, रांची के निदेशक नीरज कुमार, पंचायती राज निदेशक राजेश्वरी बी., उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर सचिव राज कुमार गुप्ता, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, सीएससी के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (वीएलई) उपस्थित रहे। समारोह के दौरान डिजिटल सेवा विस्तार, ग्रामीण उद्यमिता और ई-गवर्नेंस को सुदृढ़ बनाने पर भी चर्चा की गई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story