मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कई योजनाओं का किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कई योजनाओं का किया शिलान्यास


ठाकुरगंगटी (महागामा), 20 मार्च (हि.स.)। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को ठाकुरगंगटी प्रखंड में कई महत्वपूर्ण जल संसाधन एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं को क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

शिलान्यास किए गए कार्यों में फूलवरिया पंचायत के रतनपुर गांव में नदी पर 1.1 करोड़ रुपये की लागत से चेक डैम निर्माण, बनियाडीह पंचायत के हसनान घाट के समीप कोआ नदी में 1.3 करोड़ रुपये का चेक डैम, जोरिया में 1.7 करोड़ रुपये की लागत से बीयर निर्माण, पंजाड़ीह पंचायत के मुकेरीचक गांव में कोआ नदी पर 1.1 करोड़ रुपये का चेक डैम तथा विधानपुर में 54 लाख रुपये की लागत से पोखर जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि ये योजनाएं जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने, जल संचयन को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जा रहा है, ताकि आम लोगों को सीधा लाभ मिल सके। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने योजनाओं के लिए आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story